
महिलाओं की ई-पत्रिका पत्रिका एवरग्रीनलेडी द्वारा तीसरे वर्ष आयोजित एवरग्रीन मिस छत्तीसगढ़ प्रतियोगिता में भाग लेने वाली प्रतिभागी छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले की 21 वर्षीय सत्यभामा कोर्राम ने अपने आत्मविश्वास, मेहनत और दृढ़ संकल्प के बल पर एवरग्रीन मिस छत्तीसगढ़ 2026 प्रतियोगिता के टॉप-10 फाइनलिस्ट में स्थान बनाकर युवाओं के लिए प्रेरणा प्रस्तुत की है। वर्तमान में बीएससी की पढ़ाई कर रही सत्यभामा का सपना केवल मॉडल बनना नहीं, बल्कि “ब्यूटी विद ब्रेन” के रूप में अपनी पहचान स्थापित करना है।सत्यभामा बताती हैं कि उनके जीवन में दो तरह के लोगों से सामना हुआ। एक वे लोग, जो उनके कम वजन (अंडरवेट) होने के कारण उनका मजाक उड़ाते थे और ताने देते थे कि “कुछ खाया-पिया करो” या “क्या घर वाले खाना नहीं देते?” वहीं दूसरी ओर कुछ लोगों ने उनकी प्रतिभा और व्यक्तित्व को पहचानते हुए उन्हें मॉडलिंग के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। सकारात्मक सोच रखने वाले लोगों के प्रोत्साहन ने उन्हें इस क्षेत्र में पहला कदम रखने का साहस दिया और आज वही सफर उन्हें एवरग्रीन मिस छत्तीसगढ़ प्रतियोगिता के टॉप-10 तक लेकर आया।
उन्हें छत्तीसगढ़ी पारंपरिक वेशभूषा और साड़ी पहनना सबसे अधिक पसंद है। उनका मानना है कि आधुनिकता कितनी भी बढ़ जाए, अपनी संस्कृति और परंपराओं से जुड़ाव हमेशा बना रहना चाहिए। यही कारण है कि प्रतियोगिता का छत्तीसगढ़ी राउंड उन्हें सबसे अधिक पसंद आया।सत्यभामा ने बताया कि यदि अवसर मिला तो वह शॉर्ट फिल्मों और विज्ञापन मॉडलिंग में भी अवश्य काम करना चाहेंगी। उन्होंने कहा कि अपने सपनों को पूरा करने के लिए वह अकेले बाहर जाकर शूटिंग करने के लिए भी पूरी तरह तैयार हैं।

प्रतियोगिता के अनुभव साझा करते हुए उन्होंने कहा कि एवरग्रीन की सबसे अच्छी बात यह लगी कि केवल विजेताओं को ही नहीं, बल्कि सभी प्रतिभागियों को सम्मानपूर्वक प्रमाण-पत्र और मेडल देकर उनके प्रयासों का सम्मान किया गया। हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि 50 से अधिक प्रतिभागियों के लिए एक ही कमरा तैयार होने के लिए दिया गया था, जहां न पर्याप्त पंखे थे और न ही उचित प्रकाश व्यवस्था। भविष्य में इस व्यवस्था में सुधार किया जाना चाहिए।अपने भविष्य के लक्ष्य के बारे में सत्यभामा ने कहा कि वह ऐसा कार्य करना चाहती हैं जिससे देश और छत्तीसगढ़ का नाम राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोशन हो तथा लोग उन्हें “भारत की बेटी” या “छत्तीसगढ़ की बेटी” के रूप में पहचानें।
एवरग्रीन संस्था की संस्थापक डॉ. शीला शर्मा के प्रति आभार व्यक्त करते हुए उन्होंने कहा कि वे हम सभी प्रतिभागियों के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उन्हीं के प्रयासों से इतने बड़े मंच पर अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिला। उन्होंने एवरग्रीन टीम से आग्रह किया कि ऐसे आयोजन प्रतिवर्ष होते रहें ताकि नई प्रतिभाओं को अपनी क्षमता दिखाने का मंच मिलता रहे।सत्यभामा ने भविष्य में एवरग्रीन परिवार से जुड़े रहने तथा राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर की सौंदर्य प्रतियोगिताओं में भाग लेने की इच्छा भी व्यक्त की। अंत में उन्होंने एवरग्रीन टीम को धन्यवाद देते हुए सभी युवाओं के लिए प्रेरक संदेश दिया—
“दृढ़ संकल्प के साथ इंसान कुछ भी हासिल कर सकता है। अपने लक्ष्य पर हमेशा ध्यान केंद्रित रखें, स्वयं पर विश्वास बनाए रखें और मेहनत की शक्ति को कभी कम न समझें। जीवन में चुनौतियां अवश्य आएंगी, लेकिन सकारात्मक सोच, निरंतर प्रयास और धैर्य के साथ हर मंजिल हासिल की जा सकती है। कभी हार मत मानिए, क्योंकि सफलता उन्हीं को मिलती है जो लगातार आगे बढ़ते रहते हैं।”
evergreenlady.org EvergreenLady – Your World, Your Dreams A Women Lifestyle & Inspiration Magazine