
महिलाओं की ई-पत्रिका पत्रिका एवरग्रीनलेडी द्वारा तीसरे वर्ष आयोजित एवरग्रीन मिस छत्तीसगढ़ प्रतियोगिता में भाग लेने वाली मात्र 17 वर्ष की ओमीशा पांडेय मॉडलिंग और ब्यूटी इवेंट की दुनिया में अपनी अलग पहचान बनाने के लिए लगातार आगे बढ़ रही हैं। वर्तमान में 12वीं की छात्रा ओमीशा का सपना राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में भारत का प्रतिनिधित्व करना है। उनका लक्ष्य भविष्य में मिस इंडिया और मिस यूनिवर्स का ताज जीतना है। ओमीशा बताती हैं कि उन्हें बचपन से ही ऐसे प्रतियोगिताओं में भाग लेने का शौक रहा है। यही सपना उन्हें एवरग्रीन इवेंट तक लेकर आया। उनका कहना है कि इस प्रतियोगिता ने उनके आत्मविश्वास और व्यक्तित्व में सकारात्मक बदलाव लाया तथा मंच पर स्वयं को बेहतर ढंग से प्रस्तुत करने का अवसर दिया।
ओमीशा को प्रतियोगिता का सवाल और जवाब राउंड सबसे अधिक पसंद आया। उनका मानना है कि इस राउंड के दौरान जजों के सवालों ने उन्हें स्वयं को समझने और अपनी सोच को व्यक्त करने का अवसर दिया। हालांकि उन्होंने प्रतियोगिता की कुछ कमियों की ओर भी ध्यान आकर्षित किया। उनके अनुसार मिस कैटेगरी का टैलेंट राउंड रद्द किया जाना प्रतिभागियों के लिए निराशाजनक रहा, क्योंकि सभी ने उसकी पूरी तैयारी की थी। साथ ही उन्होंने आयोजन प्रबंधन को और अधिक व्यवस्थित बनाने की आवश्यकता भी जताई।

उन्होंने स्पष्ट किया कि डॉ. शीला शर्मा से उन्हें कोई व्यक्तिगत शिकायत नहीं है, लेकिन कई प्रतिभागियों को ऐसा महसूस हुआ कि परिणामों में पारदर्शिता को लेकर सवाल उठे। ओमीशा ने उम्मीद जताई कि भविष्य में विजेताओं का चयन पूरी तरह योग्यता और प्रदर्शन के आधार पर होगा।
करियर के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने बताया कि उनकी रुचि मैनेजमेंट और बिज़नेस में है। इसके साथ ही वह मॉडलिंग, विज्ञापनों और शॉर्ट फिल्मों में भी काम करना चाहती हैं तथा भविष्य में अपना स्वयं का व्यवसाय स्थापित कर समाज सेवा करने का सपना भी रखती हैं। एवरग्रीन परिवार से जुड़े रहने की इच्छा व्यक्त करते हुए ओमीशा ने कहा कि यह मंच उनके लिए हमेशा विशेष रहेगा। उन्होंने आयोजकों की सराहना करते हुए कहा कि टीम बेहद अच्छी है और यदि कुछ छोटी-छोटी व्यवस्थाओं में सुधार किया जाए तो प्रतियोगिता का स्तर और भी ऊँचा हो सकता है।
evergreenlady.org EvergreenLady – Your World, Your Dreams A Women Lifestyle & Inspiration Magazine